शिक्षा क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय गौतमबुद्धनगर के मंडल अध्यक्ष मेघराज भाटी को भारतीय शिक्षक संघ (टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। दिल्ली स्थित कंस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित एक कार्यक्रम में संगठन की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई।
संगठन की नई कार्यकारिणी
इस अवसर पर दिनेश चंद्र शर्मा को संगठन का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया, जबकि राममूर्ति ठाकुर को महासचिव का पद सौंपा गया। संगठन ने शिक्षकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) के विरोध में 21 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित करने का निर्णय लिया।
शिक्षकों ने दी बधाई
मेघराज भाटी के नई जिम्मेदारी मिलने पर बड़ी संख्या में शिक्षकों ने उन्हें माला पहनाकर बधाई दी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रवीण शर्मा, जिला मंत्री गजन भाटी सहित क्षेत्र के कई शिक्षक और पदाधिकारी मौजूद रहे।
21 नवंबर को दिल्ली में महारैली
टीएफआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मेघराज भाटी ने बताया कि संगठन का उद्देश्य देशभर के शिक्षकों के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि टीईटी के मुद्दे पर संघर्ष को राष्ट्रीय स्तर पर चलाने के लिए यह संगठन बनाया गया है। 21 नवंबर को दिल्ली में होने वाली महारैली में गौतमबुद्धनगर के सभी शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेने का संकल्प लिया है।
इस अवसर पर बलेराम नागर, स्मिता सिंह, मीना यादव, अरविंद शर्मा, सरताज अहमद, सीमा तिवारी, मोहम्मद असलम, सतीश पीलवान, हेमराज शर्मा, विनोद ठाकुर, रविन्द्र भाटी, अमर भाटी, कुलदीप नागर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
