
दिल्ली में बड़ी हार के बाद अब पंजाब को लेकर एक्शन में केजरीवाल,दिल्ली में विधायकों और मंत्रियों की होगी बैठक
दिल्ली चुनाव नतीजों के बाद आम आदमी पार्टी (आप) सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने पंजाब पर फोकस कर दिया है।
उन्होंने 11 फरवरी को दिल्ली में पंजाब के सभी आप विधायकों की बैठक बुलाई है। इसके चलते सोमवार को होने वाली पंजाब कैबिनेट की बैठक फिर टल गई है। अब कैबिनेट की बैठक 13 फरवरी को होगी।
बैठक का एजेंडा अभी साफ नहीं
केजरीवाल की विधायकों से चर्चा के बाद कैबिनेट बैठक में अहम फैसले लिए जा सकते हैं। पहले कैबिनेट की बैठक 6 फरवरी को होनी थी, लेकिन फिर इसे 10 फरवरी के लिए टाल दिया गया। हालांकि, केजरीवाल द्वारा बुलाई गई बैठक का एजेंडा अभी साफ नहीं है।
आप संयोजक द्वारा बुलाई गई बैठक इसलिए भी अहम है, क्योंकि पंजाब के विधायकों की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। आप दिल्ली में सत्ता गंवा चुकी है। ऐसे में पार्टी का पूरा दारोमदार पंजाब पर है। राजनीतिक तौर पर आम आदमी पार्टी को पंजाब में भी लगातार झटके लग रहे हैं। कांग्रेस ने पंजाब में आप में फूट का दावा किया
दिल्ली में आम आदमी पार्टी की हार के बाद कांग्रेस ने पंजाब में राजनीतिक समीकरण बदलने का दावा किया है। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के अब पंजाब का मुख्यमंत्री बनने की कोशिश करने की चर्चाएं हैं। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंजाब को मध्यावधि चुनाव की तैयारी के लिए कमर कसने को कह रहे हैं।
‘अरविंद केजरीवाल अब पंजाब जाएंगे’
पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा है कि दिल्ली में करारी हार के बाद अरविंद केजरीवाल अब पंजाब जाएंगे, जहां वे राज्य का मुख्यमंत्री बनने की कोशिश करेंगे।
इसमें आप के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा द्वारा कुछ दिन पहले दिए गए बयान का जिक्र करना जरूरी है, जिसमें उन्होंने कहा था कि पंजाब का मुख्यमंत्री हिंदू भी हो सकता है और मुख्यमंत्री पद पर बैठने वाला व्यक्ति योग्य होना चाहिए और उसे हिंदू या सिख के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए। दिल्ली में चुनाव नतीजों से ठीक पहले यह इस बात का अहम संकेत है कि आप नेतृत्व किस तरह से पंजाब में केजरीवाल के सीएम की कुर्सी पर बैठने का रास्ता तैयार कर रहा है।
लुधियाना में मौजूदा आप विधायक के निधन के बाद एक विधानसभा सीट पहले से ही खाली है और केजरीवाल के लिए उपचुनाव लड़ना सुविधाजनक होगा। वहीं, केजरीवाल ने दिल्ली में पंजाब के विधायकों की बैठक बुलाई है, जिसके बाद कई और राजनीतिक कयास लगाए जा रहे हैं।