
कपूर खानदान कई दशकों से बॉलीवुड पर राज कर रहा है। पृथ्वीराज कपूर से लेकर राज कपूर, ऋषि कपूर, शशि कपूर, शम्मी कपूर, रणधीर कपूर तक सभी ने फैंस के दिलों पर एक्टिंग की छाप छोड़ी है। कपूर खानदान की इस विरासत को रणबीर कपूर, करीना कपूर खान और करिश्मा कपूर ने आगे बढ़ाया। अपनी फिल्मों के साथ-साथ कपूर खानदान एक और चीज के लिए फिल्मी दुनिया में काफी मशहूर था, वो थी उनकी ग्रैंड पार्टी।
ये बात किसी से छिपी नहीं है कि सिर्फ राज कपूर ही नहीं बल्कि उनके बेटे ऋषि कपूर भी शराब पीते थे। ऋषि कपूर खुद अपनी शराब पीने की आदत के बारे में खुलकर बात कर चुके हैं। अब हाल ही में उनके बेटे रणबीर कपूर ने बताया कि ऋषि कपूर शराब पीने के बाद सिर्फ एक गाना गुनगुनाते थे। वो गाना कौन सा था, आइए इस स्टोरी में जानते हैं:
रणबीर ने बताया जाम छलकाने के बाद ऋषि कपूर कौन सा गुनगुनाते थे गाना
रणबीर कपूर ने हाल ही में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई ऋतिक रोशन और राकेश रोशन की वेब सीरीज ‘द रोशन्स’ में पुरानी यादें ताजा कीं। उन्होंने बताया कि उनके पिता ऋषि कपूर हर रोज शराब पीते थे और 1977 में आई फिल्म ‘दूसरा आदमी’ का सबसे लोकप्रिय गाना ‘चल कहीं दूर निकल जाएं’ गाते थे. किशोर कुमार और लता मंगेशकर की आवाज में यह गाना उनका पसंदीदा था. ऋषि कपूर जब भी शराब पीते थे तो इस गाने को गुनगुनाते रहते थे।
आपको बता दें कि ‘चल कहीं दूर निकल जाएं’ इस गाने को 60 के दशक के दिग्गज संगीतकार रोशन साहब के छोटे बेटे राजेश रोशन ने कंपोज किया है। यशराज के बैनर तले बनी फिल्म ‘दूसरा आदमी’ में इस गाने को ऋषि कपूर और राखी गुलजार पर फिल्माया गया है. फिल्म में नीतू कपूर ने भी अहम भूमिका निभाई थी, उन्होंने टिमसी सक्सेना का किरदार निभाया था।
ऋषि कपूर की यह बात उनके फैंस को काफी आई थी पसंद
साल 2020 में ऋषि कपूर का निधन हो गया था, उनके जाने से लाखों फैंस की आंखों में आंसू आ गए थे. ऋषि कपूर न सिर्फ भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता रहे हैं, बल्कि जिस तरह से वो सोशल मीडिया पर अपने बोलने का अंदाज दिखाते थे, वो भी उनके फैंस को खूब पसंद आता था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अपने पिता की फिल्म श्री 420 से की थी, जिसमें उन्होंने ‘प्यार हुआ इकरार हुआ’ गाने में स्पेशल अपीयरेंस दिया था।
इसके बाद वो फिल्म ‘मेरा नाम जोकर’ में अपने पिता राज कपूर के बचपन का रोल निभाते नजर आए थे। इस फिल्म के बाद उन्होंने साल 1973 में बतौर युवा अभिनेता फिल्म ‘बॉबी’ में काम किया, जो उनके करियर में मील का पत्थर साबित हुई। इस फिल्म के बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार हिट फिल्में देते रहे।