
2016 में आई रोमांटिक फिल्म सनम तेरी कसम का क्रेज 9 साल बाद देखने को मिल रहा है। जब से फिल्म दोबारा रिलीज हुई है, तब से सिनेमाघर हाउसफुल हैं और सनम तेरी कसम बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है। फिल्म की सफलता का श्रेय जितना एक्टर्स को जाता है, उतना ही डायरेक्टर-राइटर्स को भी जाता है।
सनम तेरी कसम से डेब्यू करने वाले हर्षवर्धन राणे ने अपनी पहली ही फिल्म से दर्शकों का दिल जीत लिया। इंदर के रोल में उन्हें काफी पसंद किया गया। लेकिन शायद ही आपको पता हो कि पहले इंदर के रोल के लिए हर्षवर्धन राणे को नहीं चुना गया था। मेकर्स की पहली पसंद कोई और था जिसके साथ डायरेक्टर्स ने तीन महीने तक शूटिंग भी की थी।
विक्की कौशल ने भी दिया था ऑडिशन
सनम तेरी कसम के लिए पहले किसी और एक्टर को कास्ट किया गया था जिसके साथ डायरेक्टर्स ने शूटिंग भी शुरू कर दी थी। लेकिन फोटोशूट से पहले दो एक्टर्स का ऑडिशन लेना था। ये एक्टर्स थे हर्षवर्धन और विक्की कौशल। जी हां, विक्की कौशल ने भी सनम तेरी कसम के लिए ऑडिशन दिया था, लेकिन रोल हर्षवर्धन को दिया गया। इस बात का खुलासा खुद सनम तेरी कसम के निर्देशक विनय सप्रू ने किया है।
इस वजह से हर्षवर्धन को मिली फिल्म
विनय सप्रू ने बॉलीवुड हंगामा से बातचीत में कहा, “हमने अहान भट्ट को शॉर्टलिस्ट किया था और उन्होंने हमारे साथ तीन महीने तक ट्रेनिंग की। हालांकि, दो और ऑडिशन बाकी थे- एक विक्की कौशल का और दूसरा हर्षवर्धन राणे का। हम अगले दिन फोटोशूट करने वाले थे। तभी हर्षवर्धन आए और उन्होंने बहुत अच्छा परफॉर्म किया। ऑडिशन के दौरान उन्होंने लिफ्ट में शर्ट उतारने का सीन किया।”
कौन हैं अहान भट्ट?
32 वर्षीय अहान भट्ट ने भले ही सनम तेरी कसम से डेब्यू नहीं किया हो, लेकिन उन्होंने अपनी पहली फिल्म 99 सॉन्ग्स के लिए बेस्ट मेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड जीता है। उन्होंने स्टार फिश, डांगे और वेब सीरीज ब्रोकन बट ब्यूटीफुल में भी काम किया है